
संवाददाता।
कानपुर। नगर मे लोकसभा चुनाव में कानपुर सीट से इंडिया गठबंधन पार्टी के प्रत्याशी आलोक मिश्रा, भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी से ज्यादा संपत्ति के मालिक हैं। जहां रमेश अवस्थी 5.29 करोड़ संपत्ति के मालिक हैं वहीं आलोक मिश्रा 23.25 करोड़ के मालिक हैं। यही नहीं आलोक के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में चार मुकदमे भी दर्ज हैं। ये खुलासा नामांकन पत्र के साथ लगाए गए शपथ पत्र से हुआ है। आलोक मिश्रा के पास एक लाख रुपए की नकदी है और पत्नी वंदना मिश्रा के पास 50 हजार रुपए हैं। आलोक के नाम एक रिवाल्वर और 1047.51 ग्राम सोना है। पत्नी के पास 782.62 ग्राम सोना और 14.51 ग्राम हीरे के जेवरात हैं। आलोक मिश्रा के पास कृषि भूमि नहीं है। तीन अलग-अलग स्थान पर बैरी अकबरपुर कछार, किदवई नगर, झकरा में आराजी का प्लाट है। इसके साथ आलोक के नाम एक फ्लैट आवासीय और पत्नी के नाम तीन फ्लैट हैं। बैंक का 27.24 लाख रुपए का बैंक ऋण भी है। आलोक ने पोस्टग्रेजुए़ट तक पढ़ाई की है। आलोक के खिलाफ काकादेव, गोविन्द नगर, किदवई नगर, बरेली कोतवाली में अलग-अलग धाराओं में मुकदमे भी दर्ज हैं। कानपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी ने नामांकन के दौरान जो शपथ पत्र दाखिल किया है, उसमें उन्होंने अपनी संपत्ति 5.29 करोड़ रुपए की बताई है। उन्होंने 61.48 लाख रुपए का लोन भी ले रखा है। अवस्थी ने तमिलनाडु से समाजशास्त्र से एमफिल की पढ़ाई की है। डीएवी कॉलेज से एलएलबी किया है। शपथ पत्र में बताया कि इनके पास नकदी 38 हजार रुपए है। पत्नी का शपथ पत्र में कहीं जिक्र नहीं है। बैंक खाते में 27.82 लाख रुपए हैं। करीब 20 लाख रुपए का वाहन है। 15.36 लाख रुपए के जेवरात हैं। कृषि भूमि 1.20 करोड़ रुपए की है। उन्होंने अपनी आय का स्रोत किराया, ब्याज, कृषि बताया है। वर्तमान में इनकी सालाना आय 32.45 लाख रुपए है।










