
संवाददाता।
कानपुर। नगर में पनकी पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। तीनों शातिर लुटेरे देर रात आटो में बैठकर इधर-उधर सवारी बनकर घूमते थे। मौका देखते ही किसी भी सवारी को टारगेट करके लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। बीते 6 अप्रैल को पनकी में एक युवक के रुपए, मोबाइल समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया था। इसके बाद पनकी पुलिस ने लुटेरों के गैंग को अपने निशाने पर लिया और खुलासा करके तीनों को अरेस्ट कर लिया। एसीपी पनकी टीबी सिंह ने बताया कि बीते 6 अप्रैल को पनकी में भाऊपुर कानपुर देहात निवासी अनुराग तिवारी से तीनों लुटेरों ने कैश, मोबाइल समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया था। अनुराग ने पनकी थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पनकी पुलिस ने लूटे गए अनुराग के मोबाइल को सर्विलांस पर लिया। इसके बाद लुटेरों के गैंग तक पहुंच गई और गुरुवार को बिठूर के बगदौधी बांगर निवासी करन कमल, साहिल कमल और अभिनव सिंह उर्फ भैरव ठाकुर को अरेस्ट कर लिया। तीनों लुटेरों के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है। तीनों के पास से लूट का मोबाइल, रुपए और अन्य कीमती सामान बरामद हुआ है। तीनों ने पूछताछ के दौरान बताया कि बेरोजगारी के चलते तीनों ने मिलकर गैंग बनाया। इसके बाद देर रात आटो-टेंपो से इधर-उधर घूमकर यात्रियों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।










