July 3, 2025

संवाददाता।
कानपुर। नगर में सपा से 6 दिन पहले निष्कासित पार्षदों ने आखिरकार भाजपा का दामन थाम लिया। पार्टी विरोध गतिविधियों के चलते उन्हें सपा ने उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लखनऊ कार्यालय में सभी को पार्टी में शामिल कराया। इसके अलावा बसपा में मंत्री अंटू मिश्रा भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। वार्ड-76 हरबंश मोहाल से पार्षद रहे अमित मेहरोत्रा बबलू का निकाय चुनाव में सपा ने टिकट काट दिया था। इसको लेकर आर्य नगर विधायक अमिताभ बाजपेई से नाराजगी भी सामने आई थी। तभी से वे लगातार विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के साथ देखे जा रहे थे। उन्होंने आज भाजपा का दामन थाम लिया। वहीं वार्ड-101 चौक सर्राफा से तीसरी बार पार्षद अभिषेक गुप्ता मोनू और सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के बीच काफी तल्खियां चल रहीं थीं। मोनू पार्टी में वर्ष-2017 से थे। वे सपा में जिला महासचिव व नगर निगम सदन में पार्षद दल के नेता भी रहे। आज उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। निर्दलीय पार्षद आदर्श गुप्ता, वार्ड-90 दानाखोरी और पूर्व अनुज गुप्ता वार्ड-102 जनरलगंज ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। सभी पार्षद आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। माना जा रहा है कि सभी पार्षद व पूर्व पार्षद सपा विधायक अमिताभ बाजपेई से नाराजगी के चलते भाजपा में शामिल हो गए। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती के करीबी और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से पहले ही ‘खेल’ हो गया। अंटू मिश्रा को आज बीजेपी ज्वाइन करनी थी। अंटू मिश्रा भाजपा मुख्यालय पहुंचे। कुर्सी पर भी बैठे। तस्वीर खिंचाई लेकिन, अचानक उन्हें होल्ड कर दिया गया। ये तस्वीर भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गई है। कानपुर क्षेत्र ने अंटू मिश्रा का नाम भेजा था। सूत्रों की मानें तो दिल्ली हाईकमान के एक कॉल आने के बाद उनकी ज्वाइनिंग रोक दी गई। हालांकि उनके घर पर भी अब जय श्रीराम के झंडे फहराने लगे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News