—आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

आ स. संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर में आत्महत्या के प्रयास की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां कक्षा 5 की 12 वर्षीय छात्रा ने छेड़छाड़ से तंग आकर जहर पी लिया। छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता के पिता ने बताया कि गांव का युवक सत्येंद्र उनकी बेटी को स्कूल जाते समय परेशान करता था। जब छात्रा दुकान पर सामान लेने गई, तब भी आरोपी ने छेड़छाड़ की और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे डरकर छात्रा ने घर पहुंचकर कीटनाशक पी लिया।
रात को उल्टियां होने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। प्रारंभिक इलाज के बाद उसे घर लाया गया। लोक-लाज के कारण परिजनों ने पुलिस में शिकायत नहीं की। तीन दिन बाद छात्रा की हालत फिर बिगड़ गई। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति में लगातार गिरावट आई।
तब घबराकर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।