April 30, 2026

आ स. संवाददाता 

कानपुर।  एक महिला की फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम की एक फर्जी आईडी बनाकर अपलोड कर दी गई। इतना ही नहीं फोटो वीडियो के बैकग्राउंड में शातिर ने अश्लील गाने भी डाल दिए। जब महिला के रिश्तेदारों ने उसे फोन किया तब पीड़िता को इसकी जानकारी हुई। 

महिला ने साइबर क्राइम पोर्टल में मामला दर्ज कराया है।
मकड़ीखेड़ा निवासी महिला ब्यूटिशियन हैं। महिला के परिवार में पति के अलावा एक बेटा भी है। पीड़िता द्वारा इंस्टाग्राम का इस्तेमाल रील बनाकर डालने के लिए भी किया जाता है। पीड़िता के मुताबिक उसे रिश्तेदारों का फोन आना शुरू हो गया। रिश्तेदारों ने उसे फोन कर जानकारी दी कि उसकी फोटो और कुछ वीडियो इंस्टाग्राम की एक दूसरी आईडी पर अपलोड किए गए हैं। जिसमें अश्लील गाने और डायलॉग चल रहे हैं।
पीड़िता के मुताबिक जब उन्होंने आईडी देखी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने आईडी के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया। मगर उसका कुछ पता नहीं चला। पति के मुताबिक आईडी से फोटो वीडियो अपलोड होने के बाद वो शर्मसार हो गए।
पति के मुताबिक घटना की जानकारी होने के बाद से पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। उसने रो रोकर खाना छोड़ दिया। पति के मुताबिक पत्नी ने कहा कि उसने तो सिर्फ एक्स्ट्रा इनकम करने के लिए रील बनाना शुरू किया था। उसे नहीं मालूम था कि ऐसा भी कुछ हो जाएगा। पति के मुताबिक उसने पत्नी को काफी समझाया तब जाकर वो मानी।
पीड़िता के मुताबिक उसने साइबर क्राइम पोर्टल में शिकायत दर्ज करा दी है। इसके अलावा पीड़िता अपने पति के साथ सोमवार को क्राइम ब्रांच शिकायत लेकर पहुंची। साइबर सेल अफसरों के मुताबिक मामले में जांच कर आईडी का पता किया जा रहा है।
इंस्टाग्राम पर शातिर ने मुस्क 31282 नाम से आईडी बनाई है। जिसमें पहले पीड़िता और उसके बाद किसी अन्य महिला की फोटो डालकर अश्लील गाने और डायलॉग पोस्ट कर दिए हैं। 

Related News