
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर में कूष्मांडा देवी मंदिर के पास से हटाई गई दुकानों को लेकर व्यापारियों ने तहसील में प्रदर्शन किया। करीब 50 व्यापारियों ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
व्यापारी पिछले 40 वर्षों से मंदिर के पास दुकानें लगाकर अपना जीवनयापन कर रहे थे। व्यापारी विजय के अनुसार प्रशासन ने सौंदर्यीकरण के नाम पर उन्हें वहां से हटा दिया। सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो चुका है। लेकिन व्यापारियों को उनकी जगह वापस नहीं की जा रही है।
व्यापारियों का आरोप है कि उनकी पुरानी दुकानों की जगह पर मिट्टी भी नहीं डाली जा रही है। यह जगह दूसरे लोगों को आवंटित की जा रही है।
व्यापारी ब्रजेश और देवेश ने बताया कि एक महीने से पुराने दुकानदार परेशान हैं। वे परिवार चलाने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
प्रदर्शन में किसान यूनियन के जिला सचिव गुरु प्रसाद समेत मुन्ना, रामजीवन, अवधेश, रामकेश और रमेश शामिल हुए। व्यापारियों ने कहा कि अगर उन्हें उनकी दुकानें वापस नहीं मिलीं तो वे आंदोलन करेंगे।






