April 20, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
कर्ज में डूबे एक पोस्ट मास्टर ने परेशान होकर दोस्त के कमरे में सुसाइड कर लिया । सुबह कमरे के बाहर से जब दोस्त ने आवाज लगाई तो कोई हलचल नहीं हुई। उसने जब खिड़की से देखा तो शव फंदे से लटक रहा था।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। यह घटना बिल्हौर कस्बे के मुनीश्वर अवस्थी मोहल्ले की है।

मृतक के दोस्तों ने बताया- सौरभ सट्टे में पैसा हारा था, जिससे उस पर कर्ज हो गया था। उसने अपना मोबाइल भी बेच दिया था। वह दोस्तों का मोबाइल यूज करता था।  उसने जिस मोबाइल का यूज किया, उस पर किसी का मैसेज आया था कि तुम खुद आओगे या हमें आना पड़ेगा।
इस पर सौरभ ने सुबह आने की बात कही थी। हालांकि, पुलिस ने ऐसे किसी मैसेज की आधिकारिक पुष्टि नहीं की। पुलिस उसके तीन दोस्तों से मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।
सौरभ शर्मा हरियाणा के महेंद्रगढ़ के थाना कनेना के गांव चेलावन के रहने वाले थे। सौरभ कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के विरुहुन गांव स्थित डाकघर में ब्रांच पोस्ट मास्टर पद पर तैनात थे। वह घर जाने के लिए बिल्हौर में अपने दोस्त और डाक विभाग के कर्मचारी रोहित के कमरे पर पहुंचे थे।
रोहित ने पुलिस को बताया कि सौरभ मेरे घर आया था। रात में हम लोगों ने साथ में करीब 2 बजे खाना खाया। इसके बाद मैं थर्ड फ्लोर के कमरे में सोने चला गया।
रोहित ने बताया- सौरभ ने कहा कि वह अभी थोड़ी देर पढ़ाई करेगा। इसके बाद वह सेकेंड फ्लोर पर चला गया।
सुबह जब मैं सौरभ को बुलाने के लिए नीचे आया तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई हलचल नहीं हुई। मैंने खिड़की से देखा तो फंदे से लटका दिखाई दिया। मैंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जब पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो सौरभ पंखे के हुक से मफलर के सहारे फंदे पर लटक रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और घटना की सूचना परिवार के लोगों को दे दी। पुलिस परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया- शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है। युवक के आत्मघाती कदम उठाने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।