March 11, 2026

संवाददाता
कानपुर।
मंगलवार को यमुना नदी में नहाते समय सगे भाई-बहन की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।
कानपुर देहात के जुनिया गांव निवासी भूपेंद्र सिंह लखीमपुर की एक शुगर मिल में काम करते हैं। आठ अगस्त को वह पत्नी व बच्चों के साथ अपने गांव आए थे। मंगलवार की सुबह भूपेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ यमुना नदी के किनारे पहुंचे।
इस दौरान उनकी 11 वर्षीय बेटी आध्या और 6 वर्षीय बेटा विश्वनाथ नहाने लगे। नहाते समय विश्वनाथ का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में आध्या ने भी छलांग लगा दी, लेकिन तेज धारा में बहते हुए दोनों पानी में डूब गए। 

हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी घाटमपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 
भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बेटी के बाद काफी मन्नतों के बाद बेटा हुआ था। लेकिन एक ही पल में दोनों बच्चों को खो देने से परिवार गहरे सदमे में है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और लगातार परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।
घटना की जानकारी पाकर एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह भी सीएचसी पहुंचे और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि दोनों के शवो को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।