May 6, 2026

संवाददाता

कानपुर।  अधिवक्ता अखिलेश दुबे को जेल भिजवाने वाले भाजपा नेता रवि सतीजा ने अपनी जान का खतरा होने की आशंका जताई है। रवि सतीजा ने पुलिस कमिश्नर से मिलकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्हें आशंका है कि उनकी रेकी हो रही है और कभी भी जानलेवा हमला हो सकता है।
बीजेपी नेता रवि सतीजा ने पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार को प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने बताया कि बर्रा थाने में माफिया गिरोह के सरगना अखिलेश दुबे और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाया है। इस वजह से उनकी जान का खतरा काफी बढ़ गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश दुबे कोई भी झूठी घटना बनाकर उन्हें फंसा सकता है। हमला करवाकर मरवा भी सकता है। ऐसी किसी भी घटना को अंजाम दिया जाता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी अखिलेश दुबे की होगी। उन्हें आशंका है कि उनकी रेकी की जा रही है।
रवि ने यह भी बताया कि अखिलेश दुबे उन्हें फंसाने का काम पिछले 40 वर्षों से कर रहा है। भोले भाले लोगों को पाक्सो व रेप जैसे मामलों में फंसाकर उगाही व शोषण कर रहा है। झूठी घटना में फंसाकर बदनाम कर देता है। उक्त आरोप के साथ उन्होंने स्वयं, परिवार और परिचितों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग पुलिस कमिश्नर से की है।
झूठे मुकदमे दर्ज कराकर लोगों को ब्लैकमेल करने वाले जेल भेजे गए अधिवक्ता अखिलेश दुबे पर सबसे पहली एफआईआर भाजपा नेता रवि सतीजा ने कराई थी। पुलिस ने रवि सतीजा के केस में ही अखिलेश दुबे को अरेस्ट करके जेल भेजा।
भाजपा नेता ने बताया कि एक प्रॉपर्टी विवाद में अखिलेश दुबे ने उनके खिलाफ साजिश करके रेप के झूठे मुकदमे में फंसाकर समझौते का दबाव बना रहा था। जेल जाने के बाद अखिलेश दुबे के खिलाफ 5 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। एक दर्जन से ज्यादा तहरीरों की पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद इन सभी मामलों में भी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। 

Related News