August 3, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
   मेयर प्रमिला पांडेय ने मोतीझील चौराहे पर आतंकवाद के पुतले को जूतों की माला पहनाई। फिर पार्षदों के साथ पाकिस्तान के पीएम और सेना प्रमुख का पुतला फूंका। पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए।
इसके बाद पहलगाम को लेकर दिए गए अखिलेश यादव के बयान पर निशाना साधा। मेयर ने कहा कि अखिलेश यादव मुल्ला हैं। वो सनातनियों के बीच आएंगे तो उनका हाल भी यही होगा, जो यहां पर हुआ है।
महापौर ने कहा कि पहलगाम हमले को लेकर जनता में बहुत आक्रोश है। आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के नाम से पार्क और चौक के नामकरण होंगे। साथ ही अगर शुभम की पत्नी नौकरी करना चाहेंगी तो उन्हें नगर निगम में आउटसोर्स पर नौकरी भी दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, इस दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा था कि  कानपुर में शुभम द्विवेदी के घर हम नहीं जा रहे। भाजपा वहां कुछ भी करा सकती है। इसलिए सावधान रहना चाहिए। जब मैं मुख्यमंत्री था, तब एक फौजी के यहां गया था। उसके कमरे में आरएसएस के लोग बैठे हुए थे। उन्होंने क्या करवाया था। आप खुद पता करवा लीजिएगा।

Related News