
आ स. संवाददाता
कानपुर। 20 अप्रैल तक मौसम में ऐसे ही उतार-चढ़ाव बना रहेगा। फिलहाल अगले 72 घंटे धीरे-धीरे दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। जबकि सुबह और रात को गर्मी का अहसास ज्यादा नहीं होगा। 18 अप्रैल से फिर से बीते दिनों हुई आंधी-बारिश जैसे हालात बन सकते हैं। 3 चक्रवात एक साथ फिर से आ रहे हैं।
कल भी अधिकतम तापमान में गिरावट जारी रही। 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जबकि बादलों की आवाजाही के चलते न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री बढ़कर 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 7.1 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से 3 और वेस्टर्न डिर्स्टबेंस आते दिख रहे हैं। जिसकी वजह से बीते दिनों हुई आंधी-बारिश जैसे हालात एक बार फिर से बन सकते हैं। फिलहाल बादलों की रवानगी हो चुकी है। दिन में कड़ी धूप के चलते गर्मी अधिक ही रहेगी।