June 22, 2026
योगा फॉर हेल्दी एजिंग थीम पर अधिकारियों-जवानों ने लिया संकल्प।

संवाददाता 
कानपुर। 37वीं वाहिनी पीएसी परिसर में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस वर्ष की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। 
कार्यक्रम का नेतृत्व सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने किया।
योग सत्र का संचालन योगाचार्य एवं पीटीआई ऋषि यादव ने किया। इसकी शुरुआत प्रार्थना, ध्यान और वार्म-अप अभ्यासों से हुई। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन जैसे विभिन्न योगासन और अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया।
योगाचार्य ऋषि यादव ने योग के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक मजबूती प्रदान करता है, मानसिक तनाव दूर करता है और बढ़ती उम्र में संतुलन, लचीलापन व मानसिक शांति बनाए रखने में सहायक है।
सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने योग को भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत बताया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, अनुशासित और सकारात्मक बनाने की कला है। उन्होंने जवानों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त रहकर राष्ट्र सेवा में बेहतर योगदान दे सकें।
योगाभ्यास के दौरान परिसर में अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण रहा। सैकड़ों प्रतिभागियों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवन और आत्मअनुशासन के प्रति प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और विश्व कल्याण की कामना के साथ हुआ। सेनानायक ने योगाचार्य ऋषि यादव को योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतिभागियों के लिए स्वास्थ्यवर्धक हर्बल पेय की भी व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर शिविरपाल चंद्रेश्वर, आरटीसी प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, सूबेदार सैन्य सहायक रवेंद्र सिंह चौधरी, हेड क्लर्क विनीत त्रिपाठी और मीडिया प्रभारी रामेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। यह आयोजन स्वास्थ्य, आत्मअनुशासन और राष्ट्रनिर्माण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *