May 4, 2026

संवाददाता
कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के ककराहा गांव में घरेलू विवाद के बीच पत्नी ने सो रहे पति की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना में युवक घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ककराहा गांव निवासी सूरज कठेरिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह घर में सो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उसकी पत्नी सरिता उर्फ गोलू ने उसकी गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया। गर्दन पर ब्लेड लगते ही वह उठ गया और शोर मचाया। आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों को देखकर महिला वहां से चली गई।
घायल सूरज का कहना है कि उसकी पत्नी आए दिन विवाद करती थी। उसने 13 अप्रैल को भी पुलिस से शिकायत करके अपने साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई थी, लेकिन उस समय मामले को पति-पत्नी का विवाद बताकर शांत करा दिया गया था। घटना के बाद परिजन घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां उसका इलाज किया गया।
थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि युवक और महिला दोनों की यह दूसरी शादी है। पहली शादी से हुए बच्चों को साथ रखने को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता है। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं। महिला पहले भी कई बार खुद को ब्लेड मार चुकी है। युवक की गर्दन पर हल्की चोट आई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News