April 19, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
अवैध संचालित हो रहे अस्पतालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान 2 हॉस्पिटलो को पूरी तरह सील कर दिया गया।  

कई हॉस्पिटल संचालक ताला लगाकर मौके से भाग निकले। 6 हॉस्पिटल की ओटी सील की गई और उन्हें  नोटिस थमाया गया। ताला लगाकर भागने वाले हॉस्पिटलो की सूचना थाने में दी गई, जिन पर अब थाना स्तर से कार्रवाई होगी।
कल्याणपुर में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी रमित रस्तोगी ने अवैध हॉस्पिटल पर छापेमारी की। इस दौरान थ्री स्टार हॉस्पिटल बिना पंजीकरण के चलते मिला। जिसके बाद हॉस्पिटल की ओटी सील करते हुए हॉस्पिटल के मुख्य द्वार को सील कर दिया गया। तीन दिन में हॉस्पिटल को पूरी तरह खाली करने के निर्देश दिए गए। 

कानपुर हेल्थ हॉस्पिटल भी बिना पंजीकरण के चलते मिला जिसके बाद उसे भी पूरी तरह सील कर दिया गया। और तीन दिन का समय देते हुए हॉस्पिटल को खाली करने के निर्देश दिए गए।
कल्याणपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम को आता देखकर  कल्याणपुर के तीन हॉस्पिटल संचालक हॉस्पिटल छोड़कर भाग निकले। इनमें सबसे पहले बारासिरोही में बने गांधी हॉस्पिटल संचालक टीम को देखते ही मौके से ताला लगाकर भाग निकला।
इसके बाद इसकी सूचना थाने में दी गई। वहीं, मान्या हॉस्पिटल वाले भी ताला लगाकर भाग निकले। संवारिया हॉस्पिटल के संचालक भी ताला लगाकर भाग निकले, जिसके बाद सभी की सूचना थाने पर देते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए है।