April 19, 2026

संवाददाता 

कानपुर। बिल्हौर कस्बे की बाजार में एक अधेड़ के झोले से 37,500 रुपये चोरी हो गए। यह घटना तब हुई जब वो  बैंक से पैसे निकालकर बाजार में खरीदारी कर रहे थे । पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें दो संदिग्ध महिलाएं युवक के आगे-पीछे घूमती नजर आ रही हैं।

कमसान गांव निवासी रामनरेश कठेरिया ने बताया कि उन्होंने स्टेट बैंक से अपने खाते से 50 हजार रुपये निकाले थे। उन्होंने ये रुपये अपने झोले में रखे और थाने के पास एक परिचित की दुकान पर कुछ देर रुके। इसके बाद वह बाजार में बच्चों के लिए कॉपी-किताब और अन्य सामान खरीदने गए।
रामनरेश के अनुसार, जब वह ककवन रोड पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनका झोला कटा हुआ था और उसमें रखे 37,500 रुपये गायब थे। घटना का पता चलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में दो महिलाएं बैंक से लेकर बाजार तक रामनरेश के आगे-पीछे घूमती दिखाई दीं। पीड़ित ने इन्हीं महिलाओं पर झोला काटकर रुपये चोरी करने का संदेह जताया है।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा। 

Related News