March 7, 2026

संवाददाता
कानपुर।
नगर के पतारा ब्लॉक के बारादौलतपुर गांव में हर घर जल-हर घर नल मिशन के तहत पानी टंकी का निर्माण अधूरा पड़ा है। 342.52 लाख रुपये की लागत से बन रही पैनल चालित पानी टंकी का काम फरवरी 2022 में शुरू हुआ था। इसे अगस्त 2023 तक पूरा होना था।
कार्यदायी संस्था बीएस एएस एम सी जे वी द्वारा 250 लाख लीटर क्षमता और 14 मीटर ऊंचाई वाली टंकी का निर्माण किया जा रहा है। इस टंकी से 705 परिवारों को पानी मिलना था। काम की धीमी गति के कारण अभी तक टंकी का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। पाइप लाइन बिछा दी गई है, लेकिन गांव के कुछ हिस्सों में ही पानी की आपूर्ति शुरू हो पाई है।
ग्रामीण विजय किशोर के अनुसार पाइप लाइन डालने के लिए पूरे गांव में खुदाई की गई। लेकिन बाद में रास्तों को ऐसे ही छोड़ दिया गया। प्रोजेक्ट मैनेजर राम शरण सिंह ने इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए जल विभाग को जिम्मेदार ठहराया है।
जल निगम कानपुर ग्रामीण के अधिशाषी अभियंता मुकेश सिंह ने बताया कि भारत सरकार से बजट में देरी के कारण काम प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पाइप लाइन की टेस्टिंग के बाद रास्तों की मरम्मत का प्रावधान है। वे जल्द ही रास्तों की मरम्मत करवाएंगे। कार्यदायी संस्था को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे।