June 23, 2026

संवाददाता 

कानपुर। चौबेपुर में नेशनल हाईवे फ्लाईओवर पर देर रात कार और बाइक की सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

यह घटना शंकरा आई हॉस्पिटल के सामने हुई। सूचना मिलने पर चौबेपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को तत्काल चौबेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

देर रात तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद और जामा तलाशी के बाद उसकी पहचान गौतम कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप, निवासी भैंसाना, थाना चौबेपुर के रूप में की।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।