February 27, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  घाटमपुर थाने में एयर फोर्स जवान के साथ पुलिस कर्मियों के द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां ने कानपुर डीसीपी साउथ ऑफिस पहुंचकर घटना की शिकायत की है। 

माँ ने बताया कि बेटे को पुलिस कर्मियों ने इतना पीटा कि उसका कान का पर्दा फट गया, तीन दिनों से जवान का उपचार कानपुर के एयरफोर्स हॉस्पिटल में चल रहा है। डीसीपी साउथ ने घटना की जांच एडीसीपी को सौंपी है।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के देवमनपुर गांव निवासी रेखा सचान पत्नी स्व. धीरेंद्र सचान ने डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी को प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा नितीश सचान वायुसेना में तैनात है। 19 फरवरी को वह नौरंगा गांव निवासी अर्पित साहू के भाई की शादी में शामिल होने गया था। आरोप है कि देर रात मूसानगर रोड स्थित गेस्टहाउस से पैदल घर लौटते समय घाटमपुर थाना पुलिस की गश्ती टीम ने उससे पूछताछ की और गाली-गलौज की।
विरोध करने और वीडियो बनाने पर दारोगा ने उसका मोबाइल छीन लिया और जबरन वाहन में बैठाकर थाने ले गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने में जवान को हवालात में बंद करके बेरहमी से पीटा गया । पुलिस ने इतना पीटा कि बाएं कान का पर्दा फट गया और एक आंख पूरी काली हो गई। इसके साथ ही पूरे शरीर पर पिटाई के निशान हैं।
पुलिस उसे घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से कानपुर रेफर किया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस उसे आगे इलाज के लिए नहीं ले गई। बाद में शांति भंग की कार्रवाई करके  उसे छोड़ दिया गया। 

इसके बाद परिजन उसे कानपुर स्थित सेवेन एयरफोर्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में कान का पर्दा फटने की पुष्टि हुई। तीन दिनों से जवान का उपचार अस्पताल में जारी है।
कानपुर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि उन्हें एयरफ़ोर्स जवान की मां ने शिकायत पत्र दिया है। घटना की जांच एडीसीपी योगेश कुमार को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

Related News