
संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की साढ़-कुढ़नी क्षेत्रीय बैठक में बिजली संकट, बदहाल सफाई व्यवस्था और क्षतिग्रस्त संपर्क पुलों के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। व्यापारियों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला महामंत्री एवं क्षेत्र प्रभारी रजत पांडे ने संगठन विस्तार और व्यापारी एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा तथा किसी भी प्रकार की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में 18 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे किए जाते हैं, लेकिन साढ़ और कुढ़नी क्षेत्र के कई गांवों व बाजारों में प्रतिदिन मात्र 7 घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और महंगे कमर्शियल बिजली कनेक्शन व्यापारियों के लिए बोझ साबित हो रहे हैं।
जिला अध्यक्ष महेश वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो व्यापारी सामूहिक रूप से अपने कमर्शियल कनेक्शन सरेंडर कर उन्हें घरेलू श्रेणी में परिवर्तित कराने के लिए आवेदन देंगे। उन्होंने बताया कि समस्या की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी जा चुकी है, अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि परिणाम चाहिए।
बैठक में बाजारों में फैली गंदगी, नालियों की नियमित सफाई न होने तथा बरसात से पूर्व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी उठाई गई। कानपुर-साढ़-कुढ़नी मार्ग पर क्षतिग्रस्त संपर्क पुलों को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई। उनका कहना था कि लंबे वैकल्पिक मार्गों के कारण परिवहन लागत बढ़ रही है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।
संगठन ने पुल निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूरा कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजने का निर्णय लिया।
बैठक में महेश वर्मा, रजत पांडे, ललित सोनी, दीपक मिश्रा, मनीष गुप्ता, विभुम द्विवेदी, किशन यादव, राहुल यादव, अजय मिश्रा, अनूप भदौरिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।






