April 28, 2026

संवाददाता
कानपुर।  गांधीनगर से कामाख्या जा रही कामाख्या एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच के एसी में खराबी आने से करीब 72 यात्रियों को 6 घंटे तक 43 डिग्री तापमान में परेशान होना पड़ा। यात्रियों ने आगरा से कानपुर सेंट्रल के बीच करीब छह घंटे तक भीषण गर्मी में सफर किया। यात्रियों ने टूंडला स्टेशन पर बवाल किया था, लेकिन वहां कोच नहीं था, इसके बाद में कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर दूसरा कोच लगाकर ट्रेन को रवाना किया गया।
गांधीनगर से कामाख्या जा रही 15667 कामाख्या एक्सप्रेस के बी-3 कोच का एसी दोपहर करीब एक बजे बंद हो गया। आगरा के पास ईदगाह स्टेशन पर यात्रियों ने कोच में गर्मी बढ़ने पर हंगामा किया और शिकायत दर्ज कराई। हालांकि तत्काल समस्या का समाधान नहीं हो सका और ट्रेन आगे रवाना कर दी गई।
इसके बाद ट्रेन जब टूंडला स्टेशन पहुंची तो यात्रियों ने फिर से विरोध जताया। वहां भी ट्रेन कुछ समय तक खड़ी रही, लेकिन खराब कोच को नहीं हटाया गया और यात्रियों को समझा बुझा कर ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया। लगातार गर्मी और उमस के कारण यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
कामाख्या एक्सप्रेस जब कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर पहुंची। तब यहां रेलवे अधिकारियों और स्टाफ ने यात्रियों को कोच से नीचे उतारा और प्लेटफॉर्म पर बैठाया। इसके बाद शंटिंग करके खराब कोच हटाया गया और उसकी जगह दूसरा एसी कोच लगाया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार खराब कोच में कुल 72 यात्री सफर कर रहे थे। नया कोच जोड़ने के बाद सभी यात्रियों को कोच में दोबारा बैठाया गया और ट्रेन कानपुर सेंट्रल से रवाना हुई।
रेलवे प्रशासन ने एसी फेल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारणों की जांच करके जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News