April 29, 2026

संवाददाता।
कानपुर।
नगर में युवाओं में ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस- एक्वायर्ड इम्यूनोडेफिशिएंसी सिंड्रोम (एचआईवी-एड्स) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दो दिवसीय यूथ फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 10 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में सिविल लाइंस स्थित जिला क्षयरोग केंद्र रील मेकिंग, क्विज एवं ड्रामा कम्पटीशन और क्राइस्ट चर्च डिग्री कॉलेज ग्राउंड में मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि एचआईवी-एड्स लाइलाज बीमारी है। इसकी रोकथाम के लिए बचाव ही एकमात्र उपाय है। इसके लिए लोगों को जागरूक होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से यूथ फेस्ट गतिविधि के जरिए युवाओं को एचआईवी-एड्स के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यूथ फेस्ट में जनपद के 10 कॉलेज, विश्वविद्यालय से करीब 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया है। ड्रामा और रील मेकिंग में 15 टीम्स में 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। उन्होंने कहा कि ड्रामा के माध्यम से बताया गया कि एचआईवी-एड्स के मरीजों से सार्वजनिक स्थलों जैसे- दफ्तर, स्कूल आदि जगहों पर भेदभाव न किया जाए। यह छूने या बात करने से नहीं फैलता है। ड्रामा में एचआईवी-एड्स से बचाव और रोकथाम के बारे में भी जानकारी दी गई। जिला क्षय रोग केंद्र के जिला समन्वयक राजीव सक्सेना ने बताया कि एड्स के प्रति सामाजिक मिथकों को दूर करना, आहार, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन शैली के लिए युवाओं को प्रेरित होने की जरूरत है। ड्रामा प्रतियोगिता में डीएवी कॉलेज ने प्रथम स्थान पर जगह बनाई। डीजी कॉलेज द्वितीय तथा क्राइस्ट चर्च कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा। स्कूलों के लिए आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में एसएन सेन कॉलेज प्रथम, पीपीएन कॉलेज द्वितीय एवं महात्मा गांधी कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा। रील्स प्रतियोगिता में बीएनडी कॉलेज के कार्तिकेय को प्रथम, डीजी कॉलेज की नैंसी को द्वितीय व जुहारी देवी कॉलेज की सताक्षी को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। पांच किलोमीटर मैराथन प्रतियोगिता में बीएसएसडी कॉलेज के उमेश निषाद को प्रथम, अजय निषाद को द्वितीय और डीबीएस कॉलेज के शिवा सिंह को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर डीजी कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर व एनएसएस प्रभारी संगीता सरोही, जुहारी देवी कॉलेज की डॉ. रागिनी, डीएवी कॉलेज के सौरभ श्रीवास्तव, परियोजना प्रबंधक संजय कुमारी, कानपुर क्वीर के अनुज पांडेय, डिस्ट्रिक्ट टीबी एचआईवी कोऑर्डिनेटर प्रेम शंकर, एआरटी सेंटर प्रभारी शम्सुद्दीन शेख आदि मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News