May 23, 2025

—हत्यारे बेटे ने खुद ही पुलिस को दी सूचना।

आ स. संवाददाता 

कानपुर।  हनुमंत विहार के नारायनपुर में एक बेटे ने अपनी मां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतका बीमार थी, इसलिए 10 दिन पहले अपनी बेटी के घर पर इलाज कराने आई थी। अचानक आज मृतका का बेटा बहन की ससुराल पहुंचा और  लव मैरिज के लिए रुकावट बन रही मां को मार डाला। इसके बाद उसने खुद ही पुलिस को फोन करके पूरी वारदात की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आला कत्ल बरामद कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
फतेहपुर की रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी प्रमिला सिंह बेटे राजा सिंह के साथ रहती थी। प्रमिला के पति धर्मेंद्र सिंह की 5 साल पहले मौत हो गई थी। उनके चार बच्चे थे। जिसमें सबसे बड़ी विवाहिता बेटी प्रीतू, बेटा राजा, बेटी  आकांक्षा और सबसे छोटा बेटा राहुल था। राहुल की 3 साल पहले रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई थी।
राजा गांव में रहकर खेती किसानी करता है। करीब 10 दिन पहले सिकाई करने के दौरान प्रमिला गर्म पानी से जल गईं थी। इसका इलाज कराने वह हनुमंत विहार के नारायणपुर में रहने वाली बेटी प्रीतू सिंह के घर 30 मार्च को आई थी।
प्रीतू ने पूरी वारदात के बारे में बताया कि भाई राजा गांव की युवती से प्यार करता था। कुछ दिन पहले उन दोनों की शादी तय हुई थी। लेकिन लड़की वालों ने शादी कराने के लिए एक शर्त रखी थी। उनका कहना था कि जब तक फतेहपुर वाला घर राजा के नाम नहीं होगा, तब तक शादी नहीं कराएंगे।
लेकिन मां इसका विरोध कर रहीं थी। आए दिन राजा मां से लड़ाई झगड़ा करता था। कई बार इसी लड़ाई की वजह से मां की तबीयत तक खराब हो जाती थी।

सुबह राजा मेरे घर आया। उस समय मां आगे के कमरे में आराम कर रही थी। भाई ने मुझसे न कुछ बोला, न कुछ पूछा। वो सीधे मां के कमरे में गया, फिर उनकी चाकू से गोद कर हत्या कर दी। चिल्लाने की आवाज सुनकर मैं भी कमरे में पहुंची। तो देखा मां का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था। मैं सोच ही नहीं पाई क्या हुआ। मैं मां को खून से सना देखकर सन्न हो गई।
इसके बाद राजा ने खुद हनुमंत विहार पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी महेश कुमार समेत थाने की फोर्स पहुंची। जहां से पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की जानकारी देते हुए एडीसीपी महेश कुमार ने बताया कि राजा नाम के लड़के ने अपनी मां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। उसकी गिरफ्तारी कर ली गई है। घरवालों ने बताया कि शादी को लेकर विवाद था। मां उस लड़की को पसंद नहीं करती थी, जिससे लड़का शादी करना चाहता था। इसी बात पर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। बाकी मामले की जांच जारी है। पूछताछ की जा रही है।