April 25, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  खरौटी गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर झारखंडेश्वर बाबा के नाम से विख्यात है। मंदिर में विराजमान स्वयंभू शिवलिंग की विशेष मान्यता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से की गई मन्नत पूरी होती है। इस वर्ष नवरात्र के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया।  

रामनवमी पर विशेष अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। पाठ के समापन पर प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ।

स्थानीय निवासी महेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि अखंड रामायण का पाठ गृह प्रवेश, नवरात्रि, रामनवमी या विशेष अवसरों पर किया जाता है। पाठ को पूरा करने में न्यूनतम 24 घंटे लगते हैं। अखंड रामायण पाठ को बिना रुकावट  पूरा करना आवश्यक है।
इस पाठ से पूर्व विधि-विधान के अनुसार, भगवान राम की प्रतिमा के सामने चावल और कलश रखा जाता है। पूजा में तुलसी की पत्तियों का विशेष महत्व है। यह पाठ पुण्य, बौद्धिक उन्नति, पारिवारिक कल्याण और मनोकामना की पूर्ति के लिए किया जाता है। 

इस अखंड रामायण पाठ कार्यक्रम में दीपक मिश्रा, आशुतोष तिवारी, प्रताप कुशवाहा, नन्हे कुशवाहा, प्रदीप तिवारी, कृष्णा, बाबू सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।