
संवाददाता
कानपुर। बुधवार की देर रात हुई हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान गिरकर करीब 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे गुरुवार सुबह मौसम सुहावना हो गया। अगले दो दिनों तक तेज आंधी आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 1 मई तक इसी तरह मौसम बने रहने के आसार हैं।
इससे पहले बुधवार दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया था। दोपहर के समय सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया था और लोग छांव व ठंडी जगहों की तलाश में भटकते नजर आए। वहीं, मंगलवार रात का तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा रहा। यह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही, जिसने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी थी।
वहीं, बुधवार दोपहर के समय लोग मुंह ढककर घरों से बाहर निकले। दोपहिया वाहन सवारों ने धूप से बचने के लिए गमछा, स्कार्फ और हेलमेट का सहारा लिया। कई वाहन चालकों ने नगर निगम के वाटर स्प्रिंकलर के पास अपनी रफ्तार धीमी कर फुहारों का आनंद लिया, ताकि कुछ देर के लिए गर्मी से राहत मिल सके।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आज भी मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। बादल छाने, धूल भरी हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। यह गतिविधियां तापमान को गिराने का काम करेंगी। एक पश्चिमी विक्षोभ भी आ रहा है। कई सारे मौसमी सिस्टम मिल रहे हैं जो कि तापमानों पर नियंत्रण रखने का काम करेंगे। तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट भी हो सकती है।






