
संवाददाता
कानपुर। किदवई नगर चौराहा के पास जगुआर कार से एक मजदूर को उड़ाने के मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर एफआईआर तो दर्ज कर ली। मगर, जगुआर कार कौन चला रहा था, इसका पता बाबूपुरवा पुलिस 24 घंटे बाद भी नहीं लगा सकी है। हालांकि, गाड़ी किसके नाम पर पंजीकृत है पुलिस ने यह जानकारी जरूर जुटा ली है। मगर, कार मालिक से पूछताछ के नाम पर कुछ नहीं किया गया।
तहरीर के हिसाब से पुलिस ने कार नंबर पर एफआईआर दर्ज की है। वहीं हादसे में घायल हुए पीड़ित की हालत स्थिर बताई गई है। घटना किस तरह हुई इसके लिए पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज देख रही है।
किदवईनगर चौराहे के पास स्थित त्रिवेणी मार्केट के पास सोमवार रात फुटपाथ पर मजदूर रामकुमार सो रहा था, तभी एक लग्जरी कार जगुआर आई और उसको रौंद दिया। टायर में फंसने पर चालक ने गाड़ी रोकी तो नीचे घायल युवक को फंसा देख गाड़ी छोड़ भाग निकला।
कार के अंदर तीन महिलाएं भी बैठी थीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को साकेत नगर स्थित पीपीएम अस्पताल भेजा। वहीं, कार जब्त कर ली। बाबूपुरवा एसएसआई अवधेश शुक्ला ने बताया कि घायल की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
जगुआर कार डी-16 पनकी साइड नंबर दो स्थित अन्नपूर्णा उद्योग के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस के मुताबिक मालिक की जानकारी जुटाई जा चुकी है। गाड़ी कौन चला रहा था, इसके बारे में पता किया जा रहा है।






