
आ स. संवाददाता
कानपुर। मंगलवार सुबह से ही कड़ी धूप निकली थी।
बादल छंटने और हवा की दिशा बदलने से तापमान में तेजी से वृद्धि हो गई । जनवरी महीने में ही दिन का तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक था । इसके विपरीत रात का पारा 6.3 डिग्री रहा। यह प्रदेश में सबसे कम पारा है। सुबह से ही तेज हवाएं 8.9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही थी।
तीन पश्चिमी विक्षोभ एक साथ आने से मौसम में बदलाव शुरू हो गया । बंगाल की खाड़ी में उथल-पुथल का प्रभाव भी मौसमी सिस्टम पर पड़ रहा है। हवा की दिशा पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर पूर्वी हो गई है। उत्तर-पूर्वी हवाएं नमी लाने में सक्षम हैं। जब तक विक्षोभ है तब तक उत्तर-पश्चिमी हवाएं शांत रहेंगी।
आसमान साफ होने और उत्तर-पश्चिमी हवाएं न चलने से दिन का तापमान तेजी से चढ़ा। तेज धूप के कारण वैसे भी तापमान बढ़ रहा था। अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री की वृद्धि के साथ 26.2 डिग्री तक पहुंच गया। सामान्य तौर पर बादल या अधिक कोहरा न होने से दिन का पारा चढ़ना स्वाभाविक है।
आसमान साफ होने के कारण न्यूनतम पारा 6.3 डिग्री रह गया। यह सामान्य से 3.6 डिग्री कम रहा। यह तापमान प्रदेश में सबसे कम है। सीएसए के जारी आंकड़ों के अनुसार, न्यूनतम पारा 6.3 डिग्री है जबकि आईएमडी के अनुसार कानपुर का न्यूनतम पारा 8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जो पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं, उसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पड़ेगा। इससे आसपास के क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अगले 24 से 48 घंटों में कानपुर मंडल में भी ऊपरी व निचले हल्के बादल आ सकते हैं।