
आ स. संवाददाता
कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र में टिकरा गांव में एक किसान ने संदिग्ध हालातों में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह किसान का भाई गायों को चराने खेतों में गया। तब उसे भाई का शव फंदे से लटका मिला। भाई ने घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद पुलिस को दी। पुलिस खुदकुशी के कारणों का पता लगा रही है।
टिकरा गांव निवासी रविंद्र यादव उर्फ बाबाजी बटाई में खेत लेकर किसानी करते थे। परिवार में पत्नी गीता यादव, बेटा हिमांशू और बेटी सौम्या है। रविंद्र बारादेवी माता के दर्शन करने की बात कह कर रात करीब 10:30 बजे घर से निकला था।
देर रात तक जब वह लौटकर नहीं आया तो परिवार के लोगों ने उसे खोजना शुरू कर दिया। मगर उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह बड़ा भाई गोविंद यादव अपनी गायों को चराने पहुंचा तो वहां एक पेड़ में भाई का शव फंदे से लटक रहा था।
गोविंद ने तुरंत घटना की जानकारी अपने परिवार को दी। परिवार के लोग खेतों की तरफ दौड़े और रविंद्र का शव देखकर उनके भी होश उड़ गए।
भाई गोविंद ने बताया कि रविंद्र ने घर में किसी भी प्रकार की कोई चर्चा नहीं की। वह रोज की तरह खेतों से आए और नहाने के बाद खाना खाया। फिर मंदिर जाने की बात कहकर निकल गए।
गोविंद ने बताया कि रविंद्र को अपने दोस्त के साथ मंदिर जाना था। लेकिन घर से निकलने के बाद रविंद्र दोस्त के पास न पहुंच कर शराब ठेके पर गया था। वहां पर रात में लोगों ने उसे देखा भी था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह खेतों में जाने पर घटना की जानकारी हुई।