
संवाददाता
कानपुर। 16 अप्रैल को इलाके में नाला-सीवर भरने की समस्या के बाद सपा पार्षद खुद सफाई के लिए नाले में उतर गए थे।
इस घटना के बारे में कानपुर के बाबूपुरवा वार्ड 105 के सपा पार्षद मोहम्मद मेराज ने बताया कि बाबूपुरवा वार्ड में स्थित महेश बिल्डिंग के पास पब्लिक चोक सीवर से परेशान थी। अपशब्द कह रही थी। मैं 5 घंटे से सीवर-नाला सफाई के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों का इंतजार कर रहा था। मुझे लगा मेरी जिम्मेदारी है, जनता ने मुझे वोट दिया है। कई दिनों से जलकल के अधिकारी सिर्फ समय दे रहे थे, इसलिए मैं खुद ही नाले में सीढ़ी लगाकर सफाई करने उतर गया।
बाबूपुरवा वार्ड 105 से सपा पार्षद मोहम्मद मेराज ने कहा- सूचना के बाद अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे थे।
बाबूपुरवा वार्ड 105 से सपा पार्षद मोहम्मद मेराज ने कहा- सूचना के बाद अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे थे।
मेराज ने कहा- वार्ड में 1971 में डाली गई चीनी मिट्टी की पुरानी सीवर लाइन आज भी कई जगह काम कर रही है, जो बार-बार चोक हो जाती है। पिछले दो वर्षों में कुछ हिस्सों में नई लाइन डाली गई है, लेकिन कई इलाकों में अब भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि जोन के अधिकारियों का बार-बार ट्रांसफर होने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा। नए अधिकारी क्षेत्र को ठीक से समझ नहीं पाते और काम टलता रहता है। पार्षद ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें सिर्फ “आज आएंगे, कल आएंगे” का आश्वासन मिलता रहा। समाजवादी पार्टी का पार्षद होने के चलते अफसर सुनवाई करने की बजाए टालते हैं, इस वजह से पब्लिक को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेराज ने बताया कि जैसे ही उनका नाले में उतरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, थोड़ी ही देर में अधिकारी मौके पर पहुंच गए और सफाई का काम शुरू कराया। अब समस्या का समाधान भी कर दिया गया है।
पार्षद ने कहा कि अधिकारियों को कम से कम यह स्पष्ट करना चाहिए कि काम कब होगा, ताकि वे जनता को सही जानकारी दे सकें। केवल आश्वासन देने से समस्या और बढ़ती है। फिलहाल सफाई कार्य शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों को राहत मिली है।






