April 20, 2026

संवाददाता 

कानपुर। तेज धूप में घंटों इंतजार करने के बावजूद कई लोगों को गैस नहीं मिल पा रहा है। रसोई गैस की कमी से लोग परेशान हो रहे हैं। शहर के कई इलाकों में गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। 
प्रशासन की ओर से होम डिलीवरी का दावा किया जा रहा है, लेकिन लोगों का कहना है कि जमीनी स्तर पर व्यवस्था ठीक नहीं है। पहले सिलेंडर बुक कराने के लिए लाइन में लगना पड़ता है और फिर गैस लेने के लिए अलग से इंतजार करना पड़ रहा है।

जेके मंदिर के पास स्थित भगवत इंडेन गैस सर्विस पर भी बड़ी संख्या में लोग गैस लेने पहुंचे थे। लोग एजेंसी के बाहर खड़े होकर गैस की गाड़ी का इंतजार करते रहे, लेकिन काफी देर तक आपूर्ति नहीं हुई। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
गैस लेने आए लोगों का कहना है कि उन्हें कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, फिर भी गैस नहीं मिल रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द व्यवस्था को ठीक किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
एक उपभोक्ता सागर गोयल ने बताया हमने 25 मार्च को गैस बुकिंग कराई थी। 26 मार्च को डीएसी नंबर आ गया था। 25 मार्च को सुबह से लाइन में लगे रहे, जिसके बाद शाम को करीब 4 बजे मेरा नंबर आया है। जिसके बाद 18 अप्रैल को सिलेंडर देने के लिए कहा गया है। 

अब हम आज सुबह 6 बजे से लाइन में लगे हुए है। लेकिन अब पता चला है, आज गैस नहीं आएगी। पूरे शहर मे गैस की गाड़ियां आ रही है, लेकिन यहां गाड़ियां नहीं आ रही है। अब इन लोगों का कहना है- गैस की गाड़ी सोमवार को आएगी।
दूसरे उपभोक्ता त्रिभुवन ने बताया- यहां हम लोग 3 दिनों से आ रहे है। हम लोगों को गैस के लिए 18 तारीख की डेट दी गई थी। जबकि आज इन लोगों ने बताया अब आज गाड़ी नहीं आएगी। मैं तो आज 8 बजे से लाइन में लगा हूँ, लेकिन यहां लोग सुबह 6 बजे से लाइने लगाते है। जब आपको पता था, आज गाड़ी नहीं आएगी तो पहले ही बताना था। लेकिन इन्होंने नहीं बताया।