November 18, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
नगर निगम में दो शिफ्ट में ड्यूटी करने को लेकर सफाई कर्मचारी आंदोलित हो उठे हैं। इससे पहले उन्होंने नगर निगम मुख्यालय में प्रदर्शन कर सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी थी। लेकिन कोई सुनवाई न होने पर शुक्रवार को नगर निगम कर्मचारी नेताओं समेत सफाई कर्मियों ने मुख्यालय में नारेबाजी शुरू की दी।
सुबह की सफाई करने के बाद सभी सफाई कर्मचारी  नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने पूरे शहर में सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी। 

शासन के निर्देश पर नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने सुबह और शाम दो पाली में शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों की सफाई करने के आदेश जारी किए हैं।
कानपुर नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री रमाकांत मिश्रा, उत्तर प्रदेश संयुक्त चालक वाहन संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के संरक्षक किशन लाल सुदर्शन, सेनेटरी सुपरवाइजर संघ के उस्मान अली शाह, कर्मचारी संयुक्त संघ के महामंत्री हरिओम वाल्मीकि, उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ महामंत्री अजीत बाघमार समेत अन्य नेता प्रदर्शन में शामिल थे ।