February 7, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  दरोगा को झांसा देकर उससे तीसरी शादी करने वाली लुटेरी दुल्हन घर पर ताला लगाकर फरार हो गई है। शातिर महिला ने दरोगा के घर पर कब्जा कर लिया था, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के बाद घर छोड़कर भाग निकली।
कानपुर पुलिस अब लुटेरी दुल्हन की तलाश में बुलंदशहर और मेरठ समेत कई जिलों में छापेमारी कर रही है। जांच में लुटेरी दुल्हन के खिलाफ पुलिस को कई अहम साक्ष्य मिले हैं। पुलिस जल्द ही महिला और उसके गैंग से जुड़े लोगों को अरेस्ट करके जेल भेजेगी।
कानपुर के ग्वालटोली थाने में तैनात दरोगा आदित्य कुमार लोचव 2019 बैच के दरोगा हैं। आदित्य के खिलाफ उनकी मवाना निवासी पत्नी ने पुलिस कमिश्नर दफ्तर में पेश होकर तहरीर दी थी कि दरोगा ने उन्हें सोशल मीडिया से फंसाकर शादी की है और अब दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा और घर से बेदखल करना चाहता है। लेकिन दरोगा आदित्य ने भी फौरन पुलिस कमिश्नर के सामने पेश होकर पत्नी दिव्यांशी चौधरी के तीन शादियों और उसके रेप की एफआईआर दर्ज कराकर लोगों से वसूली का दस्तावेज पेश कर दिया। पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने मामले में फौरन एसआईटी का गठन किया और जांच में सामने आया कि दरोगा के एक-एक आरोप सही हैं।
इसके बाद एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर ग्वालटोली थाने में उसकी पत्नी दिव्यांशी चौधरी, उसके पहले पति दरोगा प्रेमराज पुष्कर, दिव्यांशी का भाई अनुराग उर्फ मोनू, मां सुदेश उर्फ अंजू समेत 8 लोगों के खिलाफ  एफआईआर दर्ज हुई थी।
मामले की जांच कर रहे दरोगा सरोज कुमार पटेल को आरोपी लुटेरी दुल्हन दिव्यांशी चौधरी और उसके पहले पति दरोगा प्रेमराज पुष्कर समेत अन्य के खिलाफ अहम साक्ष्य मिले हैं। दरोगा और दिव्यांशी के खातों में लाखों का ट्रांजैक्शन मिला है।
इससे एक बात तो साफ है कि गैंग के पीछे दरोगा का भी अहम रोल है। पुलिस जल्द ही मुख्य आरोपी दिव्यांशी और गैंग में उसका सहयोग करने वाले पूर्व पति दरोगा समेत अन्य आरोपियों की अरेस्टिंग कर जेल भेजेगी।
आदित्य कुमार लोचव के पिता ऋषिपाल किसान हैं और मां राजेश देवी घरेलू महिला थीं। मां का बीमारी से निधन हो चुका है। घर में एक भाई है वो भी दिव्यांग है। ताऊ ने दरोगा आदित्य लोचव की शादी 17 फरवरी 2024 को मेरठ मवाना थाने के पास रहने वाली दिव्यांशी चौधरी के साथ करवाई थी। लेकिन लुटेरी दुल्हन का सच सामने आने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया था।
उधर लुटेरी दुल्हन ने दरोगा के घर पर ताला तोड़कर कब्जा कर लिया था। कानपुर में एफआईआर दर्ज होने के बाद लुटेरी दुल्हन घर से भाग निकली है। दरोगा ने बताया कि दिव्यांशी घर से लाखों रुपए के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गई है। उसके खिलाफ बुलंदशहर में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई थी ।