July 15, 2025

संवाददाता
कानपुर। 
महाराजपुर थाना क्षेत्र के डोमनपुर गंगा घाट पर एक अज्ञात बच्चे का शव मिला है। बच्चे के शव की  पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
घटना की जानकारी डोमनपुर गांव के राकेश सविता ने दी। वह एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए गंगा घाट गए थे। वहां उन्हें गंगा किनारे एक बच्चे का शव दिखा। बच्चे ने हाफ टीशर्ट और हाफ लोवर पहन रखा था। शव की स्थिति से लग रहा था कि बच्चा हाल ही में डूबा था। ग्रामीणों ने तुरंत पुरवामीर पुलिस चौकी को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया।  पुलिस बच्चे की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
महाराजपुर पुलिस का कहना कि आसपास गांवों के ग्राम प्रधानों व अन्य लोगों को बच्चे की फोटो भेज कर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
पुरवामीर चौकी प्रभारी विकास त्यागी के अनुसार बच्चे की उम्र लगभग 4 वर्ष है। पुलिस शिनाख्त के प्रयास के साथ-साथ अन्य विधिक कार्रवाई भी कर रही है।