January 18, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
केन्द्रीय विद्यालय आईआईटी में शुक्रवार को केंद्रीय विद्यालय संगठन का 62वां स्थापना दिवस समारोह का आयोजन बड़ी धूम-धाम के साथ किया गया। इस दौरान बच्चे विभिन्न परिधानों में नजर आए। वहीं, एक के बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने ऐसी समा बांधी की हर कोई भारतीय संस्कृति में खो गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अध्यक्ष अनीश उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद बच्चों ने सरस्वती वन्दना और स्वागतगीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
स्कूल के प्राचार्य रवीश चंद्र पाण्डेय ने मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय विद्यालय से पूर्व संलग्न विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। बच्चों द्वारा कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसको अतिथि ने देखकर काफी सराहा है।
विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग मनमोहक कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर सभी दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने सिद्ध किया कि भारत का स्वर्णिम गौरव केन्द्रीय विद्यालय लाएगा।
केन्द्रीय विद्यालय के भूतपूर्व विद्यार्थियों ने अपने जीवन के अनमोल अनुभवों को बच्चों के साथ साझा किया। केन्द्रीय विद्यालय के भूतपूर्व प्राचार्य सुदीप बाजपेई ने केन्द्रीय विद्यालय की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात् मुख्य अतिथि ने अपने विगत विद्यार्थी जीवन का उदाहरण देते हुए बच्चों को पढ़ने और सीखने अपने जीवन को आगे बढ़ाने, ऊंचाई छूने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अन्तिम चरण में राष्ट्रगान के उपरांत कार्यक्रम का समापन किया गया। मंच संचालन की जिम्मेदारी पूनम सिंह तथा श्वेता यादव ने निभाई। इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे।