
आ स. संवाददाता
कानपुर। प्रदेश के साथ ही कानपुर के दिन और रात के तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग ने 26 अप्रैल तक लू चलने और हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।
नगर का तापमान में 43 डिग्री तक जा चुका है। वहीं रातें भी गर्म हो सकती हैं। वहीं 28 अप्रैल से कानपुर समेत पूर्वी यूपी में आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग ने संभावना जताई है। नगर में हवाओं की स्पीड 6.3 किमी प्रति घंटा रही।
प्रदेश में शुक्रवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा, यहां 3.6 डिग्री घटकर 18.6 डिग्री दर्ज किया गया। रातें इसलिए भी ठंडी हो रही हैं कि थार मरुस्थल से आने वाली हवाएं अभी नहीं पहुंच रही हैं, इससे सूरज की तपिश कम होते ही मौसम हल्का ठंडा हो रहा है। वहीं अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री बढ़कर 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन जो राजस्थान के ऊपर बन गया है उसके कारण अब हवाएं थार मरुस्थल राजस्थान से होकर आएंगी, जिससे कल से कानपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में गर्म शुष्क हवाएं आना शुरू होंगी और अगले दो दिन तक कानपुर मंडल और गंगा के मैदानी भागों में लू चलने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 43 डिग्री के आसपास रह सकता है। इससे ऊपर जाने की संभावना बहुत कम है। 28 व 29 अप्रैल से प्री मॉनसून की बारिश पूर्वी उत्तर प्रदेश से आगे बढ़ते हुए कानपुर मंडल और उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों सहित उत्तर भारत सहित देश कई प्रदेशों में फिर से शुरू हो सकती है। जिसमें बारिश के साथ तेज हवाएं, अंधड़, ओलावृष्टि भी हो सकती है।
बारिश का सिलसिला 28 से शुरू होकर 5 मई तक रुक-रुककर जारी रहेगा। बारिश से तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता हैं। 28 अप्रैल से 5 मई तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। तापमान इन दिनों 36 डिग्री से 37 तक रह सकता है।