January 18, 2026

संवाददाता

कानपुर।  पुलिस ने महिला से दुष्कर्म करने वाले दो आरोपियों रमेश गौतम और विजय गौतम पर गैंगस्टर लगाया है। दोनों पर 18 मई को महिला को जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। यह कार्रवाई 1 जनवरी को की गई है। महिला मूक बधिर है।
जाजमऊ थाना क्षेत्र में 18 मई की रात रमेश गौतम और विजय गौतम महिला को एक कमरे में ले गए थे। वहां उन्होंने जबरन शराब पिलाई। जब महिला ने चीखना शुरू किया तो उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, जिसके बाद दोनों ने बारी-बारी दुष्कर्म किया। महिला के बेसुध होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पीड़िता के बेटे ने बताया कि 18 मई की रात उनकी मां घर पर नहीं थीं। दो घंटे की तलाश के बाद वह सड़क किनारे अर्धनग्न अवस्था में मिलीं। बेटे ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरा चेक किया, जहां आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। 

मूक-बधिर महिला के परिजनों ने जाजमऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने इशारों में अपना बयान दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जाजमऊ पुलिस ने रमेश गौतम को गैंग लीडर और विजय गौतम को सदस्य बनाया है। जाजमऊ थाना प्रभारी के अनुसार, रमेश गौतम अमेठी और विजय गौतम रायबरेली के रहने वाले हैं। दोनों जाजमऊ क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करते थे। दोनों आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं। 

Related News