April 10, 2026

संवाददाता

कानपुर। शहर में खेल प्रतिभाओं का उत्साह उस समय चरम पर पहुंच गया जब स्वरूप नगर स्थित बाल निकुंज में रविवार को दो दिवसीय कानपुर मंडलीय पावरलिफ्टिंग, बेंच प्रेस एवं ओपन डेड लिफ्ट चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। 

22 और 23 मार्च तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में करीब 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी ताकत और हुनर का दमखम दिखाया।

चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि अनूप पचौरी ने बजरंगबली का माल्यार्पण कर एवं फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक मजबूती देता है, बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।प्रतियोगिता की शुरुआत बालिका वर्ग से हुई, जिसमें विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। युवा बालिकाओं के जोश और आत्मविश्वास ने दर्शकों को भी उत्साहित कर दिया। इसके बाद पुरुष वर्ग की स्पर्धाएं भी शुरू हुईं, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया।

आयोजन समिति के अनुसार, यह चैंपियनशिप केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से मंडल स्तरीय टीम के चयन के लिए ट्रायल भी आयोजित किए जा रहे हैं। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिलेगा।

प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोच और अभिभावकों की भी भारी भीड़ देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और खेल भावना का विशेष ध्यान रखा गया। आयोजकों ने खिलाड़ियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं, जिससे प्रतियोगिता सुचारू रूप से संचालित हो सके। 

प्रतियोगिता के समापन दिवस पर भी विभिन्न वर्गों में मुकाबले खेले जाएंगे जिनमें और भी रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिलने की उम्मीद है। चैंपियनशिप का पहला दिन जोश, उत्साह और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहा, जिसने खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।

Related News