April 26, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
स्वच्छ पर्यावरण के लिए कानुपर प्लॉगर्स फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत आज कानपुर प्राणि उद्यान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें सैकड़ों सदस्यों ने प्राणि उद्यान के कोने कोने से प्लास्टिक कचरा एकत्र किया।
इसके साथ ही कानपुर प्लॉगर्स फाउंडेशन की संस्थापिका डॉ. संजीवनी शर्मा की ओर से चिड़ियों के लिए वन रेंजर को घास से बने घोसले भी उपलब्ध कराए गए।
समाज को प्लास्टिक कचरा मुक्त करने का बीड़ा उठाने वाली संस्था कानपुर प्लॉगर्स फाउंडेशन की ओर से कानपुर प्राणि उद्यान में स्वच्छता मिशन आयोजित किया गया। जिसमें संस्था के सदस्यों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। संस्था के सदस्यों ने पूरे प्राणि उद्यान के अलग अलग हिस्सों में जाकर प्लास्टिक कचरा एकत्र किया।
संस्था की संस्थापिका डॉ. संजीवनी शर्मा ने बताया कि  संस्था के सदस्यों द्वारा करीब 100 किलो से अधिक  सिंगल यूज प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। उन्होंने प्राणि उद्यान में आने वाले दर्शकों से अपील करते हुए कहा कि प्राणि उद्यान में आने के दौरान प्लास्टिक की पानी की बोतलों का प्रयोग बिल्कुल न करें और अपने घर से पानी की बोतल लेकर आएं।
डा. शर्मा ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के  साथ ही वन्य जीवों के लिए भी घातक है। वन रेंजर नावेद इकराम ने कहा कि प्राणि उद्यान आने वाले लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है । इस दौरान लोगों में जागरूकता लाने के लिए संस्था की ओर से उपहार भी बांटे गए।