
आ स. संवाददाता
कानपुर। मौनी अमावस्या के मौके पर कानपुर शहर के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गंगा में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगा कर पुण्य कमाया। गंगा स्नान करने के बाद लोगों ने अपने पितरों को जल अर्पित किया। गंगा घाटों के किनारों पर श्रद्धालुओं ने विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की।
शहर के गोला घाट, मैस्कर घाट, सरसैया घाट, अटल घाट समेत शहर भर के घाटो पर मौनी अमावस्या के मौके पर लोगो की भीड़ ब्रह्म मुहूर्त से ही उमड़ पड़ी। मान्यता है मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान करने से पितरों को शांति मिलती है और सारे पापों का नाश होता है।
सभी घाटों पर कड़ाके की ठंड में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह 5 बजे से ही उमड़ पड़ी। शुभ मुहूर्त में गंगा स्नान करने के लिए लोगों में बहुत उत्साह देखने को मिला। हर हर गंगे, जय शिव शंभु के जयकारों के साथ लोग गंगा में डुबकी लगाते दिखे।
इसके साथ ही कई लोगों ने डुबकी लगा कर पूरे दिन का मौन व्रत भी धारण किया। दिन भर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। बच्चे, बुजुर्गों, महिलाओं में गंगा स्नान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
सुरक्षा की दृष्टि से सभी गंगा घाटों पर पीएसी व जल पुलिस की तैनाती रही। अटल घाट से लेकर सरसैया घाट तक जल पुलिसकर्मी गश्त करते रहे।