
संवाददाता
कानपुर। बिजली आपूर्ति विभाग केस्को ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में बदलने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही उपभोक्ताओं को जानकारी दी है कि पोस्टपेड बिल किस तरह से जमा करना है। वर्तमान स्थिति में जब प्रीपेड मीटर के निगेटिव व माइनस बैलेंस की समस्या से लोग परेशान हैं, तब केस्को एमडी ने कहा है कि अब मोबाइल से स्मार्ट प्रीपेड मीटर को रिचार्ज करने की जरूरत नहीं है।
10 जून के बाद से उपभोक्ता के फोन पर मैसेज और व्हाट्सएप पर बिल भेजे जाएंगे। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वो अपने मोबाइल नंबर केस्को में अपने बिजली कनेक्शन नंबर बिल के लिए जरूर अपडेट करा लें।
केस्को ने शहर के करीब 90 प्रतिशत स्मार्ट प्रीपेड मीटर को ऑटोमेटिक सॉफ्टवेयर सिस्टम से पोस्टपेड में बदल दिया है। लेकिन उपभोक्ता अब पोस्टपेड बिलिंग सिस्टम में किस तरह से बिल का भुगतान करेंगे और उन्हें इसके लिए बिजली कनेक्शन से जुड़ी किन चीजों का अपडेट कराना जरूरी है।
केस्को एमडी नेहा जैन ने कहा है कि वो उपभोक्ता जिनके घर में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उनमें माइनस बैलेंस दिख रहा है, उन्हें पोस्टपेड कर दिया गया है। उन्हें अब रिचार्ज नहीं करना है। अब जो बिजली उपभोक्ता बिजली का उपभोग कर रहे हैं, उसका भुगतान अब जून महीने में अदा करना होगा।
पोस्टपेड की तरह यानी पहले बिजली उपयोग करना है, फिर भुगतान करना होगा। यानी मोबाइल से स्मार्ट प्रीपेड मीटर का रिचार्ज नहीं करना है।
एमडी ने जानकारी दी कि स्मार्ट मीटर कनेक्शन की बिजली 10 जून तक नहीं काटी जाएगी। 10 जून से पोस्टपेड सिस्टम की तरह बिल जारी किए जाएंगे। इसके बाद बिल जारी होने की तिथि से अगले 15 दिन बाद अंतिम देय तिथि होगी। बिल जमा करने की अंतिम तिथि पर बिल जमा न करने के 7 दिन बाद बिजली का कनेक्शन काटा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब पोस्टपेड बिल में बिल निकालने के लिए पर्ची वाला नहीं आएगा। बिल अब मोबाइल नंबर पर एसएमएस और व्हाट्सएप पर बिजली उपभोग करने के बाद आएगा। पहले से रकम जमा नहीं करनी पड़ेगी।
विभाग ने बिजली उपभोक्ताओं से खास अपील की है कि अपने बिल कनेक्शन नंबर के साथ अपने मोबाइल नंबर जरूर अपडेट करा लें। जिनके मोबाइल नंबर बदल गए हैं, वो नया नंबर अपडेट करा लें क्योंकि उन्हीं पर पोस्टपेड बिजली का बिल आएगा। इसके लिए बिजली विभाग ने 8 हेल्पडेस्क शहर में शुरू की हैं, वहां जाकर इसे कराया जा सकता है।
केस्को ने उपभोक्ताओं के लिए एक व्हाट्सएप नंबर 8287835233 भी जारी किया है। इस पर उपभोक्ता अपनी शिकायत और जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा 1912 और 18004101912 टोल फ्री नंबर जारी किए गए हैं।






