May 15, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  बेनाझाबर की बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज सकुशल संपन्न हो गई। ईदगाह के भीतर तकरीबन एक  लाख से अधिक लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इसके बाद लोगों ने मुल्क की सलामती और अमन चैन की दुआ मांगी। शहर की तरक्की, लोगों की सेहत की दुआ की गई। नमाज अदा करने के बाद लोग बाहर निकले और एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के द्वारा लगाए गए कैंपों में भी जाकर लोगों ने जॉइंट पुलिस कमिश्नर सहित  अन्य पुलिस अधिकारियों और जिलाधिकारी से हाथ मिलाकर ईद की मुबारकबाद पेश की। अफसरों ने भी शहर वासियों को ईद की मुबारकबाद देकर सरकार और प्रशासन की गाइडलाइन पालन करने की अपील की और कानून व्यवस्था बनाए रखना के लिए सहयोग करने की भी अपील की।
ईदगाह की सुरक्षा में 20 से अधिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। ड्रोन कैमरा से लगातार निगरानी रखी जा रही थी । जॉइंट पुलिस कमिश्नर हरिश चंदर ने लोगों से गाइडलाइन के मुताबिक नमाज पढ़ने की अपील की। उन्होंने यह भी जानकारी दी की नमाज शांतिपूर्ण अदा की गई। शहर में कहीं भी सड़क पर नमाज नहीं हुई ।
ईद को सौहार्दपूर्ण संपन्न कराने के लिए चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया था । 3 हजार पुलिसकर्मियों  के साथ ही पीएसी भी कई जगहों पर लगाई गई । वहीं दूसरी तरफ ड्रोन से भी निगरानी की गई  और सीसीटीवी भी लगाए गए ।

Related News