March 3, 2026

—मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप।

संवाददाता
कानपुर।
बिठूर में निकाह के आठ महीने बाद ही विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मामले की जानकारी मिलते ही मायके वाले भी हरदोई से बिठूर पहुंचे। मायके वालों ने पति और ससुरालियों पर हत्या करके शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति और ससुरालियों के खिलाफ बिठूर थाने में तहरीर दी है।
नारामऊ गांव एडवॉस पुलिया के पास रहने वाले शहरूख ने 8 माह पहले अपनी बहन सलीना की ननद रेहाना से प्रेम विवाह किया था।
शहरूख के परिजनों ने बिठूर पुलिस को रेहाना के सुसाइड की जानकारी दी। इसके बाद ससुराल वालों को भी बताया। सूचना मिलते ही हरदोई के हरपालपुर मलौथा निवासी रेहाना के परिजनों ने पिटाई करके फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है।
रेहाना के भाई उस्मान ने बताया कि परिजन जिस कपड़े सुखाने वाली रस्सी से फांसी लगाने की बात कह कह रहे है, उस रस्सी को बेहद कमजोर बताया है।
उनका कहना है कि इससे सुसाइड नहीं किया जा सकता है। आरोप है कि रेहाना को उसके शौहर शहरूख, सास  शहजहां व देवर ने मिलकर पीटा है और फिर फंदे पर लटकाकर हत्या की है।
उस्मान का आरोप है कि निकाह के बाद से ही शहरूख व उसके परिजन रेहाना को प्रताड़ित करने लगे थे। जिसका जिक्र उसने कई बार फोन करके किया था। इसकी शिकायत उन्होंने अपनी पत्नी सलीना से की, जो शाहरुख़ की बहन है।
उन्हें दो घंटे बाद फोन पर आत्महत्या की सूचना दी गई। उन्हें शव पोस्टमॉर्टम हाउस पर देखने को मिला है। बिठूर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
मायके वालों ने पति और ससुरालियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए बिठूर थाने में तहरीर दी है। 

एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मृतक रेहाना के भाई उस्मान ने बताया कि रिश्तेदार होने के कारण घर आने-जाने के दौरान शहरूख ने उनकी बहन रेहाना को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। इसके बाद अपने साथ पुणे ले गया था।
इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन तीन दिन पहले उसके रिश्तेदारों ने दबाव डालकर समझौता करा दिया। बहन से मारपीट करने पर शहरूख को हरकतों में सुधार के लिए कहा था, लेकिन वह बाज नहीं आया।