May 13, 2026

• इकाना स्टेडियम के भीतर और बाहर दर्शकों के शोर से गूंजा–कोहली’ कोहली


भूपेन्द्र सिंह
लखनऊ। लखनऊ सुपर जाइन्टस के अपने ही घरेलू इकाना स्टेडियम में गुरुवार की शाम क्रिकेट से ज्यादा चर्चा अगर किसी चीज की रही तो वह थी विराट कोहली के नाम के दीवानगी की।  मैदान के बाहर से लेकर हर दर्शक दीर्घा के हर तरफ सिर्फ एक ही नाम सुनाई देता रहा— “कोहली… कोहली…”। लाल जर्सी पहने हजारों प्रशंसकों ने इकाना को मानो रायल चैलेन्जर्स बेंगलुरु का घरेलू मैदान बना डाला। मैच शुरू होने से कई घंटे पहले ही स्टेडियम के बाहर प्रशंसकों की लंबी कतारें केवल कोहली की बस का इन्तजार करती रही।  युवा, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग तक सिर्फ एक झलक पाने को बेताब नजर आए। किसी के हाथ में कोहली का पोस्टर था तो कोई उनके नाम की जर्सी पहनकर पहुंचा था।एक पोस्टर तो ऐसा था कि सभी को कोहली से प्यार करने के लिए प्रेरित करता रहा। उस पोस्टर में युवक ने कोहली के प्रति प्यार को अपनी पत्नी के भी प्यार से ज्यादा प्रदर्शित करते हुए दिखायी दे रहा था।

जैसे ही विराट वार्मअप के लिए मैदान पर उतरे, पूरा स्टेडियम जोरदार तालियों और नारों से गूंज उठा। दर्शकों ने अपने मोबाइल को उनकी ओर ही मोड दिया और उनके हर एंगल को कैमरे में कैद करने का पूरा प्रयास किया। मोबाइल की फ्लैशलाइट्स की चमक ने माहौल को किसी संगीत कार्यक्रम जैसा बना दिया। कई दर्शक सिर्फ विराट की बल्लेबाजी देखने के लिए दूसरे शहरों से भी पहुंचे थे। कानपुर से आए क्रिकेट प्रेमी आदित्य मिश्रा ने कहा कि “मैच जीत-हार से बड़ा हमारे लिए विराट को खेलते देखना है। क्रिकेट के प्रति उनकी ऊर्जा ही अलग दिखायी देती है।
स्टेडियम के बाहर भी विराट का क्रेज साफ दिखाई दिया। जर्सी, पोस्टर और बैंड बेचने वाले दुकानदारों की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। छोटे बच्चों के चेहरे पर विराट का नाम और जर्सी नंबर ‘18’ पेंट किया गया था। सोशल मीडिया पर भी इकाना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल होती रहीं।
मैच के दौरान कई बार ऐसा लगा कि लखनऊ की सरजमीं पर घरेलू टीम से ज्यादा समर्थन विराट और उनकी टीम को मिल रहा है। दर्शकों का जुनून इस कदर था कि मैदान में हर छोटी गतिविधि पर कैमरे विराट की ओर घूम जाते।क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय क्रिकेट में विराट कोहली सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक भावना बन चुके हैं। यही वजह है कि देश के किसी भी कोने में मैच हो, स्टेडियम उनके प्रशंसकों से भर जाता है। इकाना में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां क्रिकेट के साथ-साथ विराट की लोकप्रियता ने भी नया रिकॉर्ड बना दिया।एक सीनियर खेल पत्रकार शरददीप ने बताया कि लखनऊ में मेजबान टीम कुछ अच्छा प्रदर्शन नही कर पा रही जबकि कोहली रन मशीन बने हुए हैं वैसे भी उनकी फैन फॉलोइंग अधिक है । लखनऊ के दर्शकों को केवल क्रिकेट मैच में रोमांच चाहिए जो कोहली के खेल में दिखायी देता है इसलिए यहां पर दर्शक उनके रंग में रंगे नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *