March 14, 2026

संवाददाता
कानपुर।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर शहर में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों द्वारा सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। टीम ने शिवराजपुर स्थित खेरेश्वर मंदिर मेला परिसर में छापेमारी कर 12 किग्रा रंगीन व अमानक खाद्य सामग्री नष्ट की । विभाग ने 3 किग्रा चटनी, रंगीन नमक 2 किग्रा, रंगीन फिंगर चिप्स 3 किग्रा, रंगीन कबाब 2 किग्रा, रंगीन चटनी 2 किग्रा नष्ट की ।

इस दौरान लगभग 250 मेलावासियों और खाद्य कारोबार संचालकों के मध्य आईईसी गतिविधियों के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जागरूकता फैलाई गई। खाद्य सामग्री को ढक कर रखने एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
शहर के अलग-अलग होटलो में तिवारी ढाबा, भौती में रंगीन खाद्य पदार्थ के उपयोग पर चेतावनी दी गई। भण्डारित रंगीन खाद्य रंग को मौके पर नष्ट कराया गया और साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसडी होटल, चकरपुर में स्वच्छता बनाए रखने, बंद डस्टबिन के प्रयोग एवं कच्चे खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्देशित किया गया। 

शिवा ढाबा भौती, भदौरिया ढाबा चकरपुर, दीपू चौहान ढाबा, जनता ढाबा का निरीक्षण किया गया। होटल में फीडबैक के स्टीकर लगाए गए।

सभी जगह खाद्य सुरक्षा आयुक्त के कार्यालय द्वारा उपलब्ध ग्राहक संतुष्टि फीडबैक फूड सेफ्टी कॉन्टैक्ट एप के स्टीकर लगवाए गए। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साफ सफाई, कचरा प्रबंधन, अच्छे कच्चे माल के प्रयोग के लिए निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी का स्पष्ट आदेश है कि जनपद में खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं अस्वास्थ्यकर सामग्री के उपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा।