June 21, 2026

संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर तहसील में तहसीलदार के खिलाफ चल रहे लेखपालों के धरना-प्रदर्शन में शामिल प्रोबेशन अवधि वाले नौ लेखपालों पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। इन सभी को तीसरी और अंतिम नोटिस जारी कर दी गई है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है। कार्रवाई के दायरे में प्रोबेशन अवधि बढ़ाने से लेकर सेवा समाप्ति तक के कदम शामिल हो सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक तहसीलदार के विरोध में शुरू हुए आंदोलन में कई लेखपाल शामिल हैं, जिनमें नौ ऐसे लेखपाल भी हैं जिनकी नियुक्ति अभी प्रोबेशन अवधि में चल रही है। वर्तमान में सभी आंदोलनकारी लेखपाल कानपुर सदर तहसील में धरना दे रहे हैं।
शासन की कर्मचारी आचरण नियमावली के अनुसार प्रोबेशन अवधि में कार्यरत कर्मचारी किसी ऐसे आंदोलन, धरना या प्रदर्शन में भाग नहीं ले सकता, जो शासन अथवा प्रशासन के खिलाफ माना जाए।
इसी नियम के तहत घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने पहले इन नौ लेखपालों को कारण बताओ नोटिस जारी करके जवाब मांगा था। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर दूसरी नोटिस दी गई और अब तीसरी व अंतिम नोटिस भी जारी कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि यह अंतिम अवसर है, जिसके बाद नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि सभी नौ प्रोबेशनर लेखपालों को अंतिम नोटिस जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि शासन के नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होना तय है।
नियमों के तहत प्रोबेशन अवधि बढ़ाने, वेतन वृद्धि रोकने अथवा आवश्यक सेवाएं अनुरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत सेवा समाप्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
धरना शुरू होने से पहले ही तहसील के तीन लेखपालों पर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। इनमें यमुना किनारे जंगल में लगी आग की समय पर सूचना न देने पर लेखपाल संतोष, जनगणना कार्य में लापरवाही और अभद्रता के आरोप में लेखपाल संघ के महामंत्री नवनीत कुमार तथा गैस सिलेंडर विस्फोट की घटना में मौके पर न पहुंचने पर कस्बा लेखपाल अनंत चतुर्वेदी को निलंबित किया जा चुका है।
संघ महामंत्री के निलंबन के बाद ही लेखपालों ने तहसीलदार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था, जो फिलहाल कानपुर सदर तहसील में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News