May 17, 2026

—मुख्यमंत्री योजना में होंगे पांच विकास कार्य।

आ स. संवाददाता 

कानपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की सुविधा के लिए अब फूलबाग स्थित गांधी भवन में नगर निगम ई-लाइब्रेरी बनाने जा रहा है। लगभग दस करोड़ रुपये से बनने वाली ई-लाइब्रेरी के लिये नगर निगम को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। इस लाइब्रेरी में छात्र प्रतियोगी परीक्षाओ की तैयारी कर सकेंगे, साथ ही छात्र यहां पर लाइब्रेरी मैनेजमेंट सिस्टम की भी पढ़ाई भी कर सकेंगे।
सीएम वैश्विक नगरोदय योजना के तहत शासन ने जल्द ही इस काम को शुरू करने के निर्देश दिये हैं। योजना के क्रियान्वयन के बाद फूलबाग स्थित गांधी भवन के पार्षद पुस्तकालय की हालत में सुधार होगा और शहर में युवाओं को एक पढ़ने के लिये अच्छा स्थान मिल जायेगा।
प्रदेश के मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 38.19 करोड़ से शहर में 5 विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इसमें साकेत नगर में जोनल कार्यालय एवं सह कार्यस्थल का निर्माण कार्य 16.26 करोड़ रुपये से होना है। जोनल कार्यालय के लिये जमीन का चयन कर लिया गया है। शासन की ओर से नगर निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
इसके साथ 9.63 करोड़ रुपये से फूलबाग गांधी भवन में ई लाइब्रेरी बनाने को भी शासन की स्वीकृति मिली है। कार्यदायी संस्था नगर निगम ने इस कार्य को कराने के लिये काम शुरू कर दिया है।
इसके साथ ही जोन चार में नेहरू नगर चौराहे का सौंदर्यीकरण भी नगर निगम करेगा। योजना के तहत लगभग 0.485 करोड़ रुपये प्रस्तावित किये गये हैं। इसके बाद नेहरू नगर चौराहे का रूप बदल जायेगा। 

इसी तरह 9.55 करोड़ रुपये से सिद्धनाथ घाट का सौंदर्यीकरण किया जायेगा। इस कार्य के लिये शासन ने सी एंड डीएस संस्था को कार्यदायी संस्था नामित कर दिया है।
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत स्वीकृत सभी कार्य बहुत जल्द शुरू होंगे। 

Related News