
आ स. संवाददाता
कानपुर। मंगलवार को कानपुर नगर निगम मुख्यालय में सफाई कर्मचारियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मांग की कि उनके साथी सफाई कर्मी से मारपीट करने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की है। नारेबाजी के बाद कर्मचारियों ने अपर नगर आयुक्त आवेश खान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने मांग उठाई कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाया जाए।
संयुक्त कर्मचारी संघ के महामंत्री हरिओम वाल्मीकि, नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष देवीदीन भाऊ और महामंत्री रमाकांत मिश्रा ने मंगलवार को सैकड़ों कर्मचारियों के साथ नगर निगम मुख्यालय में प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने मांग उठाई कि जोन-5 क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण अभियान चलाया गया। दबंगों ने बड़ी मात्रा में अतिक्रमण भी कर रखा था।
पनकी गंगागंज में कच्ची झोपड़ी निवासी सफाई कर्मचारी बड़े को दबंगों ने चोरी का आरोप लगाते हुए सरेआम पीट दिया था। इस घटना के विरोध में नगर निगम के कर्मचारी नेताओं के साथ ही सफाई कर्मियों ने सोमवार को पनकी थाने का घेराव कर एफआईआर दर्ज कराई थी। कर्मचारियों ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था भी ठप कर दी है।
कर्मचारी नेता रमाकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी विनय झा एवं उसके पुत्रों पर कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेताओं में नीलू निगम, चौधरी रामगोपाल, मन्नीलाल भारती, संजय हजारिया और मीडिया प्रभारी मुन्ना हजारिया भी प्रदर्शन में मौजूद थे।