January 18, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  मंगलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फरार चल रहे एक  आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी और उसके परिजनों ने जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले में 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए। जिनमें एक महिला और दो पुरुष कॉन्स्टेबल शामिल हैं। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में महिला कॉन्स्टेबल को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
थाना मंगलपुर क्षेत्र के कस्बा झीझक के वार्ड नंबर-3 में रहने वाले एक व्यक्ति ने निशांत यादव सहित अन्य पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने पहले ही दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद पुलिस टीम निशांत की तलाश में लगी हुई थी।
एक मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी निशांत को पकड़ने के लिए दबिश दी। लेकिन जैसे ही पुलिस टीम ने निशांत को गिरफ्तार करने की कोशिश की। आरोपी निशांत और उसके परिवार वालों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप सिंह और महिला कॉन्स्टेबल सरिता यादव सहित एक अन्य कॉन्स्टेबल घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झीझक में भर्ती कराया गया। जहां महिला कॉन्स्टेबल की गंभीर हालत के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस हमले के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि दबिश देने गए पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया था। जिसमें 3 पुलिसकर्मी घायल हुए है। जिनका इलाज चल रहा है। आरोपीयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हमलावर दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।