January 17, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
काकादेव इलाके में तमंचे के बल पर दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मारपीट के आरोपी को पकड़ने पहुंचे दरोगा के सामने ही दबंग युवक शराब पीने लगा और भागने की कोशिश की। हालात ऐसे बने कि दरोगा को थानेदार से फोर्स भेजने की गुहार लगानी पड़ी। मौके पर मौजूद एक शख्स ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
पांडु नगर चौकी के पास वीरु गोस्वामी और फैजान मलिक के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर झगड़ा हुआ था। फैजान ने तमंचे से वीरू का सिर फोड़ दिया। उसकी कार में भी तोड़फोड़ कर दी। घबराए वीरू ने फोन करके पुलिस को सूचना दी।
दरोगा अजय पांडेय एक सिपाही के साथ बाइक से मौके पर पहुंचे और फैजान को पकड़ लिया। दरोगा के सामने भी फैजान दबंगई दिखाता रहा। वीरू की कार में बैठ गया और शराब पीने लगा। इस दौरान पुलिस वाले उसे काबू में करने की कोशिश करते दिखे।
दरोगा ने उसे पकड़कर बैठाया तो आरोपी बोला कि कितने पैसे चाहिए। बेकाबू होते दबंग को देखकर दरोगा ने थाने में फोन करके फोर्स भेजने की गुहार लगाई। इस दौरान भी आरोपी अकड़ के साथ यह कहता रहा कि मेरी अपने साहब से बात कराओ।
काकादेव पुरानी बस्ती निवासी वीरू गोस्वामी ने बताया कि फैजान पर कई मुकदमे दर्ज हैं। उसने पांडु नगर पेट्रोल पंप के पास बुलाया और पैसे मांगने लगा। जब उसने विरोध किया तो उसने कार में तोड़फोड़ करते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर तमंचे से उसका सिर फोड़ दिया।bमैंने काकादेव पुलिस को सूचना दी तो पांडु नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का वीडियो बनाते हुए फैजान और उनके लोगों ने कहा कि अभी पिस्टल निकलेगी। फैजान पुलिस वालों को पैसे लेकर मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाता रहा। उनसे साहब से बात करवाने को कहता रहा।
वीरू ने कहा कि घटना के दौरान पुलिस वाले बेबस नजर आए। दरोगा ने थाने फोन किया और कहा कि सर, जो मारपीट की सूचना थी, उसका आरोपी मिल गया है। लेकिन, अब तक थाने की फोर्स नहीं आ पाई है। साहब थाने की गाड़ी की जरूरत है मुझे। सर, द्विवेदी हॉस्पिटल के पास गाड़ी की जरूरत है, भेज दीजिए।
दरोगा अजय के काफी गिड़गिड़ाने के बाद फोर्स मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने लाया गया। वीरू ने फैजान और उसके साथी माइकल, यशु के खिलाफ तहरीर दी। हालांकि, पुलिस ने फैजान के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करके पल्ला झाड़ लिया।
काकादेव कार्यवाहक थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि आरोपी फैजान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। तमंचे की बट से मारने की बात गलत है। दोनों पक्षों में नशेबाजी को लेकर विवाद हुआ है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। 

Related News