
आ स. संवाददाता
कानपुर। सचेंडी हाईवे पर कैब चालक के ओवरटेक करने के चक्कर में एक कार डिवाइडर से टकरा गई। उसके पीछे से एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के बोनट के परखच्चे उड़ गए। टक्कर से कार में सवार परिवार चुटहिल हो गया और एक महिला का पैर भी टूट गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ी को किनारे कराया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
तुलसीपुर औरैया निवासी सुनील अपनी पत्नी अनीता, बहन संतोषी और उसकी बेटी नीलिमा के साथ औरैया से कानपुर देहात गए थे। यहां पर एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के बाद सभी लोग एक कैब में बैठकर कानपुर देहात से वापस आने के लिए निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चौहान ढाबा सचेंडी के पास कैब चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी ओवरटेक करने में कैब डिवाइडर से टकरा गई। वहीं पीछे से आ रहे ट्रक ने कैब को टक्कर मार दी। कैब की बोनट के परखच्चे उड़ गए।
सचेंडी इंस्पेक्टर के मुताबिक सुनील का परिवार सुरक्षित है। संतोषी नाम की महिला घायल है। अनीता का हाथ टूटा है। संतोषी की बेटी नीलिमा के सिर पर भी चोट आई है और सिर पर टांके लगाए गए हैं। अन्य बच्चे पूरी तरह सुरक्षित है।
सचेंडी पुलिस के मुताबिक ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। दुर्घटना में घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।