
संवाददाता
कानपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित नजूल की सरकारी जमीन को अवैध तरीके से बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अमेरिका में बैठे सगे भाइयों ने एक बिल्डर के साथ मिलकर इस सरकारी जमीन का सौदा कर दिया।
इस मामले में डीएम से शिकायत के बाद लेखपाल की तहरीर पर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
लेखपाल हरिशंकर विश्वकर्मा के अनुसार सिविल लाइंस स्थित भूखंड संख्या 1459 ए को नजूल संपत्ति के रूप में राज्य सरकार की भूमि घोषित किया गया था। इसके बावजूद वर्ष 2012 में इस जमीन को एक निजी कंपनी को बेच दिया गया, जो नियमों के पूरी तरह खिलाफ है।
सिविल लाइंस निवासी तरंग बेरी ने अपने भाई नीरज बेरी निवासी कैलिफोर्निया, अमेरिका और विकाश बेरी निवासी वुडवेस्ट चेस्टर तथा मनका शर्मा के साथ मिलकर इस जमीन का सौदा एसए बिल्ड हाई प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अहमद ऐतिशाम से किया है।
कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि सगे भाइयों और बिल्डर समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






